बीमार होने के बावजूद मदद के लिए आगे बढ़ीं सुषमा
- - Advertisement - -
सोशल मीडिया के ज़रिए ज़रूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली विदेश मंत्री सुषमा स्वराज लगातार मानवता की मिसाल कायम कर रही हैं। एक बार फिर वह मदद के लिए आगे आई हैं। इस बार उन्होंने एक ऐसी महिला की मदद की है, जिसके पति का देहांत जापान में हो गया है। ये महिला अपने पति की डेथ बॉडी को भारत लाना चाहती है। लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उसके लिए ऐसा कर पाना संभव नहीं है। इसीलिए इस महिला ने सुषमा से मदद की गुहार लगाई। जिसके बाद स्वराज ने उसे मदद का आश्वासन दिया।
मालिवाल ने किया था सुषमा से निवेदन
इस महिला की परेशानी को देखते हुए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने सुषमा से मदद के लिए निवेदन किया था। मालिवाल ने स्वराज को एक पत्र भेजा था। इस पत्र में उन्होंने लिखा था कि , ”महिला ने अपने पति के शव को भारत में लाकर अंतिम संस्कार करने के लिए आयोग से मदद मांगी है। महिला के मुताबिक, उसका परिवार आर्थिक तौर पर इतना सक्षम नहीं है कि पति के शव को लाने का सारा खर्च वहन कर सके।”
मालिवाल ने आगे लिखा, ”परिवार बुरी तरह परेशान है और उसे आपकी मदद की ज़रूरत है। आपसे आग्रह करते हुए मैं परिवार के निवेदन को भेज रही हूं।” मालीवाल के निवेदन के बाद स्वराज ने महिला से मदद का वादा करते हुए एक ट्वीट किया। अपने ट्वीट में सुषमा ने लिखा, हम (सरकार) उनका सारा खर्च वहन करेंगे और बिना किसी देरी के उनकी मदद की जाएगी।
हार्ट अटैक से हुई थी महिला के पति की मौत
महिला के मुताबिक, 10 दिसम्बर को उसे एक कॉल आया था। जिसमें बताया गया कि उसके पति की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। बता दें कि महिला का पति जापान में एक होटल में कुक का काम करता था। वह पिछले साल दिसम्बर में ही जापान गया था।
ग्लोबल थिंकर हैं सुषमा स्वराज
इंसानियत की मिसाल कायम करने वाली विदेश मंत्री की इसी विशेषता को देखते हुए हाल ही में उन्हें फॉरेन पॉलिसी मैगजीन ने ग्लोबल थिंकर की लिस्ट में जगह दी है। ग़ौरतलब है कि किडनी फेल होने की वजह से स्वराज पिछले एक महीने से अस्पताल में है। बहरहाल, उनकी किडनी का ट्रांसप्लांट किया जा चुका है।
- - Advertisement - -