‘अम्मा’ के सलाहकार रहे रामास्वामी ने भी दुनिया को कहा अलविदा
- - Advertisement - -
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता के बाद उनके करीबी श्रीनिवास अयर रामस्वामी ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया है। अम्मा के निधन के दो दिन बाद ही रामास्वामी ने अपोलो अस्पताल में आखिरी सांस ली। वैसे, देश के कई राजनेताओं से चो रामास्वामी के निजी ताल्लुकात काफी गहरे रहे हैं। लेकिन जयललिता उनकी काफ़ी अच्छी दोस्त थीं। वह उनसे सलाह-मशविरा किया करती थीं। इसी साल उनके गंभीर रूप से बीमार पड़ने पर जयललिता उनसे मिलने के लिए अस्पताल पहुंची थीं। जयललिता के अलावा पीएम मोदी भी उनसे मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। रामास्वामी के परिवार में पत्नी, एक बेटा और बेटी हैं।
नेता, अभिनेता रहे हैं रामास्वामी
रामास्वामी मशहूर एक्टर और राजनीतिक विश्लेषक रहे हैं। इसके अलावा वह पॉलिटिकल मैगजीन ‘तुगलक’ के संस्थापक और संपादक थे। राज्य हो या केन्द्र सरकार, उन्होंने हमेशा ही निडर होकर अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई है।
पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वरिष्ठ पत्रकार, राज्यसभा के पूर्व सदस्य एवं राजनीतिक विश्लेषक चो रामास्वामी के निधन पर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने ट्विटर के ज़रिए कहा, ”चो रामास्वामी कुशाग्र, स्पष्टवादी तथा प्रतिभाशाली थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार तथा ‘तुगलक’ के असंख्य पाठकों के प्रति मेरी संवेदना।”
एक अन्य ट्वीट कर पीएम मोदी ने कहा, ”चो रामास्वामी एक बहुमुखी प्रतिभा, विशाल बौद्धिक, महान राष्ट्रवादी तथा निडर आवाज वाले व्यक्ति,जो सम्मान और प्रशंसा के लायक थे। उन्होंने कहा कि इन सबसे ऊपर चो रामास्वामी एक प्रिय दोस्त था। मैं उनकी पत्रिका के पाठकों की वार्षिक बैठक का हिस्सा रहा हूं। वह एक अभूतपूर्व संपादक थे।” पीएम मोदी के अलावा सुपरस्टार रजनीकांत समेत कई दिग्गत हस्तियों ने रामास्वामी को श्रद्धांजलि दी हैं।
- - Advertisement - -