हरियाणा में खुली पहली सेब मंडी, पूरे हिमाचल को होगा फायदा
हरियाणा की पहली सेब मंडी मंगलवार को शुरू हो गई।हरियाणा के पंचकूला में जीरकपुर-शिमला हाइवे पर सेक्टर 21 में खुली पहली सेब मंडी का मंगलवार को उद्घाटन किया गया। अब इसका फायदा हरियाणा और हिमाचल प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश को होगा और वह दिन दूर नहीं जब व्यापारी गुरुग्राम या फरीदाबाद में बैठे हुए पंचकूला से सेब खरीद सकेगा।
कृषि व किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने सेब मंडी का उद्घाटन करते हुए कहा कि जल्द ही सेब मंडी देश के नक्शे पर होगी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पास होने के कारण यहां से अच्छी क्वॉलिटी के सेब को एक्सपोर्ट करने की अपार संभावनाएं हैं। आगे उन्होंने कहा कि करीब 3500 से 4000 करोड़ रुपए के टर्नओवर वाली इस मंडी से 10 से 20 हजार अप्रत्यक्ष रोजगार के मौके बढ़ने की संभावना बढ़ी है। कृषि मंत्री की मौजूदगी में सीजन की पहली बोली पर सेब की बिक्री शुरू की गई।
धनखड़ ने कहा कि वह दिन भी दूर नहीं है जब प्रदेश की सभी मंडियों को ऑनलाइन कर दिया जाएगा और इसका फायदा यह होगा कि पंचकूला में सेब की बोली होगी तो गुडग़ांव का व्यापारी भी वहीं बैठे सेब की खरीद कर सकेगा। इस मंडी सबसे अच्छी खासियत यह है कि यहाँ से एयरपोर्ट भी दूर नहीं है और सेब की पैदावार करने वाले हिमाचल प्रदेश के लिए भी यहां से सीधा रास्ता है।
- - Advertisement - -