अटल जी राष्ट्र पुरुष हैं -विधानसभा अध्यक्ष
जयपुर, 25 सितम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री कैलाश मेघवाल ने कहा कि अटल जी राष्ट्र पुरुष हैंं। उन्होंने देश के भविष्य के लिए सोचा न कि राजनैतिक लाभ के लिए। उन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी। श्री मेघवाल रविवार को यहां होटल राजपुताना में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक श्री विजय त्रिवेदी द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर लिखित पुस्तक ‘‘हार नहीं मानूंगा’’ के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अटल जी ‘‘अजात शत्रु’’ थे। उन्होंने जीवन में कभी भी हार नहीं मानी और उनका कोई शत्रु नहीं था। यद्यपि उनके सामने कई चुनौतियां आई। उन्होंने राजनैतिक क्षेत्र में हमेशा गरिमा बनाए रखी। आज देश का सम्मान दुनियां में हैं। उसमें अटल जी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने लेखक श्री विजय त्रिवेदी को अटल जी पर पुस्तक लिखने पर बधाई देते हुए कहा कि यह पुस्तक शास्वत है, पुस्तक की आलोचना, प्रत्यालोचना जरूर होगी लेकिन इससे सही बात लोगों तक पहुंचेगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार श्री रमननंदा ने ‘‘हार नहीं मानूंगा’’ के लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री विजय त्रिवेदी से पुस्तक के बारे में विस्तार से चर्चा की। लेखक ने अटल जी के संस्मरणों के अनछुए पहलुओं के बारे में बताया और कहा कि भारतीय राजनीति में अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन प्रसंगों और राजनीतिक कूटनीति से आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में अटल जी हमेशा याद किए जाएंगे। कार्यक्रम का आयोजन ग्रासरूट मीडिया फाउण्डेशन द्वारा किया गया। पुस्तक का प्रकाशन हार्पर कालिंस ने किया। पुस्तक के लोकार्पण समारोह में पत्रकार साहित्यकार, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की गणमान्य हस्तियां उपस्थित थीं।