किसानों को लुभाने के लिए राहुल फिर करेंगे रैली
यूपी में किसान यात्रा के बाद राहुल अब एक विशाल रैली करने का मन बना रहे हैं। राहुल किसानों को लुभाने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं। बता दें कि इस संबंध में एआईसीसी में बैठक हुई है। इस बैठक में यूपी, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारियों के साथ-साथ और आसपास के राज्यों के भी प्रभारी शामिल हुए हैं।
6 अक्टूबर को हो सकता है इस विशाल रैली का आगाज
सूत्रों की मानें तो राहुल यूपी या दिल्ली में ये बड़ी रैली कर सकते हैं। बता दें कि राहुल की किसान यात्रा 5 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दिल्ली में खत्म हो रही है, इसीलिए वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश या दिल्ली में में एक बड़ी करने का मन बना रहे हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस रैली की घोषणा होना बाकी है। वैसे पार्टी राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश ,पंजाब जैसे राज्यों से पब्लिक लाने और रैली की जगह को लेकर विचार कर रही हैं। इस संबंध में राज्यों के प्रमुखों को तलब की कर दिया गया है। इस मसले पर बात होने के बाद ही इस बात का खुलासा होगा कि राहुल अपनी रैली कहां करने वाले है।
इस बैठक में ये नेता हुए शामिल
कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस बैठक में गुलाम नबी आजाद, राजबब्बर और अंबिका सोनी के अलावा दिल्ली के आसपास के राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी मौजूद थे। सभी ने राहुल की बैठक को सफल बनाने के लिए अपनी-अपनी राय साझा की है।
कांग्रेस ने किसानों पर लगाया दांव
इस बार कांग्रेस ने पूरा दांव किसान वोट बैंक पर लगा दिया है। खुद राहुल देवरिया से दिल्ली तक किसान यात्रा कर रहे हैं और नारा दे रहे हैं कि, किसान का कर्ज माफ और बिजली का बिल हाफ। राहुल की ये किसान यात्रा 5 अक्टूबर को खत्म हो रही है। ऐसे में यात्रा खत्म होने के बाद माहौल बनाए रखने के लिए कांग्रेस ने प्लान किया है कि, 6 अक्टूबर को किसानों के मुद्दे पर एक मेगा रैली की जाए। किसानों को लुभाने के लिए कांग्रेस कर्ज़ माफी की भी बात कर रही है।
राहुल ने मोदी पर गायों को चुनावी स्टंड बनाने का लगाया आरोप
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के बरेली और शाहजहांपुर में सभाएं कर विपक्ष खासकर भाजपा और आरएसएस पर गायों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देवरिया से यहां तक की अपनी किसान यात्रा के दौरान उन्होंने गायों की दुर्दशा देखी है और गोरक्षा का दम भरने वाली भाजपा व संघ उनकी सुध नहीं ले रहे हैं।
उन्होंने शाहजहांपुर के पुवांया में आयोजित खाट सभा में किसानों से कहा, ‘भाजपा और आरएसएस के लोग दलाल हैं। यह लोग गायों को लेकर राजनीति करते हैं जबकि देवरिया से यहां तक मैंने गायों की दुर्दशा देखी है। मोदी ने गायों को चुनावी स्टंट बना रखा है।’ राहुल ने आगे कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में गायें सड़कों पर मरने को मजबूर हैं और कोई तथाकथित गोरक्षक उनकी सुध नहीं ले रहा है। दरअसल, गायें आस्था का केंद्र नहीं बल्कि सियासत का औजार बनाई जा रही हैं।