बिहार की नितीश की NDA सरकार से दूरी बना चुके JDU के वरिष्ठ नेता शरद यादव के नेतृत्व में गुरुवार को 17 विपक्षी दलों द्वारा “साझी विरासत सम्मेलन” बुलाया गया। इसमें मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, अखिलेश यादव और सीताराम येचुरी सहित विपक्ष के शीर्ष नेता शामिल हुए। कॉन्सटीट्यूशन क्लब आॅफ इंडिया में हुए इस कार्यक्रम में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने RSS और BJP पर जमकर हमला बोला।
ये देश हमारा नहीं है, हम इस देश के हैं
राहुल गांधी ने अपने सम्बोधन में कहा कि RSS वाले जब तक इस देश की सत्ता में नहीं आए थे, तब तक कभी भी इन्होंने तिरंगे को सलाम नहीं किया। अगर इस देश की कमान उनके हाथ में नही हैं, तो वे देश के नहीं हैं। राहुल ने आगे कहा कि ये देश हमारा नहीं है, हम इस देश के हैं। देश किसका होता है, जो देश से कुछ चाहता है। अगर आपको देश से कुछ चाहिए तो आपको कहना पड़ेगा कि ये मेरा है। अगर आप देश को कुछ देना चाहते हो तो आपको कहना होगा कि मैं इसका हूं।
15 लाख नहीं मिले
उन्होंने BJP पर चुनाव से पहले किए गए वादे पूरा न करने का भी आरोप लगाया। राहुल ने कहा युवाओं से कहा गया रोजगार देंगे, महिलाओं से कहा सुरक्षा देंगे, वन रैंक वन पेंशन दो मिनट में कर देंगे। सत्ता में आए तो भी नहीं दिया।15 लाख नहीं मिले। वन रैंक वन पेंशन के लिए अब भी विरोध प्रदर्शन चल रहा है।
RSS हर संस्थान में उसकी विचारधारा के लोग डाल रही है
राहुल गांधी ने आगे यह भी कहा कि RSS कहती है कि ये देश हमारा है और एक-एक करके हिंदुस्तान के लोगों से कह रही है कि तुम इसके नहीं हो। पहले अल्पसंख्यकों, फिर गुजरात में दलितों और फिर किसानों से ये कहा गया। अरुण जेटली कहते हैं कि कर्ज माफी हमारी पॉलिसी नहीं है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि RSS जानती है कि उसकी विचारधारा हिंदुस्तान में चुनाव नहीं जीत सकती। RSS हर संस्थान में उनकी विचारधारा के लोग डाल रही है।