‘B’Day: प्यार में कई धोखे के बाद रेखा है अब इनके सहारे
दुनिया आज बहुत मॉर्डन हो चुकी है। बॉलीवुड में आए दिन कई एक्ट्रेस आती है और कई एक्ट्रेस जाती है। कुछ के नाम लोगों को याद रहते है तो कुछ के नाम हमेशा के लिए भूला दिए जाते है। इन दिनों अगर किसी बजुर्ग व्यक्ति से आप इस जमाने की हीरोइन के नाम पूछेंगे तो वो आपको मुश्किल से एक या दो नाम बता पाएंगे और वहीं आप अगर आज के लोगों से उस जमाने की हीरोइन के नाम पूछेंगे तो वो भी शायद एक दो के नाम तो बता ही देंगे। लेकिन एक एक्ट्रेस ऐसी भी है जिसे उस ज़माने के लोग भी जानते है और इस जमाने के भी वो एक्ट्रेस है ‘रेखा’। रेखा एक तरफ जहां अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर विवादों में रहती है वहीं अपनी एक्टिंग और अपनी खूबसूरती को लेकर भी वे काफी सुर्खियों में रहती है। 10 अक्टूबर को उनके जन्मदिन के मौके पर हम आपको बताने जा रहे है कुछ ख़ास बातें….
साल 1954 था और दिन था दस अक्टूबर का जब रेखा का जन्म हुआ था। रेखा की मां उस समय की अभिनेत्री पुष्पावली थी। जिनका अफेयर उस समय के जाने माने अभिनेता जेमिनी गणेशन से चल रहा था। जेमिनी गणेशन के लिए उन्होंने एक्टिंग और अपना फिल्मी करियर भी छोड़ दिया था। लेकिन जेमिनी गणेशन उन्हें अपना नाम और अपनी पहचान नहीं दे पाए। रेखा को जेमिनी और पुष्पावली की ही बेटी है। रेखा का बचपन में नाम भानुरेखा गणेशन था। जो फिल्मों में आने के बाद रेखा हो गया।
भानुरेखा का बचपन बड़ी ही कठिनाइनयों से गुजरा था। अपने परिवार के गुजारे के लिए कम उम्र में ही उन्होंने एक्टिंग को चुना। आज रेखा को बॉलीवुड में सबसे खूबसूरत एक्ट्रेस माना जाता है उनकी स्टाइल और खूबसूरती के आगे आज की हर एक्ट्रेस फीकी पड़ जाए। लेकिन रेखा अपने शुरूआती दिनों में काफी सांवली और मोटी हुआ करती थी। उस समय किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि ये लड़की इतनी बड़ी एक्ट्रेस बन जाएगी।
भानुरेखा ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत 1966 में की थी। इस दौर में वे एक तेलगु फिल्म ‘रंगुला रत्नम’ में दिखी थी। जिसमें उन्होंने बाल कलाकार के रूप में अभिनय किया था। हिंदी सिनेमा में उनकी शुरूआत 1970 में मानी जाती हैं उनकी पहली फिल्म ‘सावन भादो’ थी। इस फिल्म के बाद से ही भानुरेखा को रेखा के नाम से नई पहचान मिली।
रेखा शुरूआत में अच्छी हिंदी नहीं बोल पाती थी और काफी सांवली भी थी इस कारण से उन्हें कई बार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था वहीं आज बॉलीवुड की एक्ट्रेस उनसे उनकी अदाकारी की टिप्स लेती नज़र आती है।
रेखा बॉलीवुड में अपनी सदाबहार फिल्मों के कारण कम अपनी निजी ज़िन्दगी और अपने अफेयर्स को लेकर काफी सुर्खियों में रही है। उनकी ज़िन्दगी अभी भी उनके चाहने वालों के लिए पहेली की तरह ही है। बहुत से व्यक्ति अभी तक रेखा की ज़िन्दगी का पूरा सच नहीं जान पाए है। कुछ दिनों पहले उनकी ज़िन्दगी पर लिखी यास्मीन उस्सीर की किताब ‘रेखाः द अनटोल्ड स्टोरी’ ने उनकी ज़िन्दगी के कई राज को उनके फैन्स के सामने लाया था। इस किताब में उनकी फिल्म जगत में शुरूआत से लेकर उनकी लवलाइफ तक सारे राज को बताया गया।
जबरदस्ती किस से निकले थे आंसू
रेखा जब 15 साल की थी तब वे एक्टर विश्वजीत के साथ फिल्म ‘अंजाना सफर’ कर रही थी। शूटिंग मुंबई के मेहबूब स्टूडियो में चल रही थी। फिल्म के पहले शेड्यूल में कुलजीत पाल, राजा और विश्वजीत ने रेखा के लिए एक प्लान बनाया था। उस दिन रेखा और विश्वजीत के बीच रोमेंटिक सीन फिल्माया जाना था। जेसे ही डायरेक्टर ने एक्शन कहा विश्वजीत ने रेखा को अपनी बाहों में लिया और किस करने लगे। रेखा उस समय एक दम अवाक थी। उन्हें इस किस के बारें में किसी ने नहीं बताया था। उनका ये सीन कैमरे में शूट होता रहा और पूरी टीम तालियां और सीटीयां बजाती रही। विश्वजीत करीब 5 मिनट तक किस करते रहे इस दौरान न डायरेक्टर ने कट बोला और न ही विश्वजीत ने किस करना बंद किया। इस दौरान रेखा ने बस अपनी आंखे बंद कर रखी थी और उनकी आंखों से आंसू बह रहे थे।
सीन खत्म होने के बाद विश्वजीत ने इस किस सीन पर सफाई देते हुए कहा कि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है। यह सब उन्होंने डायरेक्टर के कहने पर किया है। डायरेक्टर ने ही कहा था कि ये सीन फिल्म के लिए जरूरी था। इस सीन के बाद से ही विश्वजीत का नाम रेखा से जोड़ा जाने लगा था।
कई एक्टर्स के साथ जुड़ा है नाम
रेखा का नाम बॉलीवुड के कई अभिनेताओं के साथ जोड़ा जा चुका है। ख़बरों के मुताबिक उनका पहला प्यार साजिद खान था। साजिद खान उन दिनों यूएस से लौटे ही थे और उस वक्त उन्हें काफी हैंडसम बॉय के रूप में देखा जाता था। हालांकि वक्त की कमी के चलते रेखा और साजिद का अफेयर ज्यादा दिन नहीं चल सका। ऐसा भी माना जाता है कि साजिद की जिंदगी में किसी और के आने के कारण उन्होंने रेखा को छोड़ दिया था। इसके बाद उनका नाम नवीन निश्चल, विश्वजीत चटर्जी, जितेंद्र, शत्रुघ्न सिन्हा से भी जोड़ा जाता है।
विनोद मेहरा की माँ ने की थी रेखा को गालियां
विनोद मेहरा और रेखा के लव अफेयर के भी चर्चे बॉलीवुड में काफी मशहूर है। ख़बरों के मुताबिक जब विनोद मेहरा ने रेखा से गुपचुप शादी रचा ली और वे उन्हें अपने घर लेकर गए तब उनकी माँ ने रेखा को एक बहू के रूप में स्वीकार नहीं किया। विनोद मेहरा की माँ रेखा को वहीं पर गालियां देने लगी। यहां तक कि उन्होंने रेखा को मारने के लिए चप्पल भी उठा ली थी। तब रेखा वहां रो पड़ी और वहां से चली गई। विनोद मेहरा वहीं रूक कर अपनी माँ को समझाने लगे। उस समय उनके फ्लैट के आसपास काफी भीड़ ने भी ये नज़ारा देखा था। लेकिन बाद में रेखा ने खुद एक इंटरव्यू में विनोद मेहरा से शादी की बात को अफवाह बताया था।
रेखा और अमिताभ की लवस्टोरी तो हर कोई जानता है। इनकी ये मोहब्बत फिल्म ‘सिलसिला’ जैसी ही है। लेकिन इनकी मोहब्बत का सिलसिला ज्यादा चला नहीं। 1976 में दोनों ‘दो अंजाने’ के सेट पर मिले थे और यहीं से दोनों की दोस्ती का सिलसिला शुरू हुआ। वैसे उन दिनों अमिताभ और रेखा की जोड़ी की अधिकतर फिल्में काफी हिट होती थी। बड़े पर्दे पर इस जोड़ी को काफी सराहा जाता था। इनकी लवस्टोरी ज्यादा दिन चल नहीं पाई रेखा की वजह से अमिताभ की मैरिड लाइफ लगातार डिस्टर्ब हो रही थी जिससे अमिताभ और रेखा के बीच दूरियां बड़ गई।
बिजनेसमैन से शादी
रेखा की ज़िन्दगी में कई लोग आए लेकिन उन्होंने शादी की बिजनेसमैन मुकेश अग्रवाल से की। उनकी ये शादी भी ज्यादा दिन नहीं चली। कुछ ही दिनों में रहस्मयी तरीके से रेखा के पति ने आत्महत्या कर ली और एक सुसाइड नोट छोड़ दिया। जिसमें उन्होंने लिखा था कि ‘‘मेरी मौत का कोई जिम्मेदार नहीं है।’’
रेखा इन दिनों हर फंक्शन में एक महिला के साथ नज़र आती है कयास लगाए जा रहे है कि अब इस उम्र में वहीं उनकी साथी है। एक वेबसाइट के मुताबिक उनके साथ हमेशा फरजाना नाम की लेडी रहती हैं जो उनका पूरा ध्यान रखती है। हालांकि रेखा की जिंदगी काफी रहस्मयी है लेकिन फरजाना के साथ सबंधो को लेकर खुलासा फेमस जर्नलिस्ट मोहनदीप की किताब ‘यूरेखा’ में किया गया है।
- - Advertisement - -