BJP नेता के बेटे की शादी में आए 30,000 बाराती, ऐसे हुई शाही शादी
- - Advertisement - -
इंडिया में यूं तो कई राजघराने हैं जो शाही शादी के चलते कई बार सुर्खियों में आए। लेकिन हाल ही में एक बीजेपी नेता के बेटे की शादी सुर्खियों में आ गई है। बताया जा रहा है कि इसमें 30,000 वीआईपी बाराती शामिल हुए थे। शादी को बड़े ही धूमधाम से शाही अंदाज़ में संपन्न किया गया। आइए आपको बताते हैं कौन है इस शाही शादी का दूल्हा।
गुरुवार रात महाराष्ट्र के औरंगाबाद में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दानवे के बेटे और भोकरदन सीट से विधायक संतोष दानवे की शाही शादी हुई। इस शादी में प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस समेत कई वीआईपी हस्तियां शामिल हुईं। शादी में करीब 25 से 30 हजार बाराती आए थे और डेढ़ लाख लोगों का खाना-पीना रखा गया था।
संतोष दानवे ने औरंगाबाद के टीचर राजेश सरकटे की बेटी रेणू के साथ विवाह किया। इस शादी के लिए शहर में बीड बायपास रोड के पास करीब 6 एकड़ इलाके में आलीशान शामियाना लगाया गया था। इस शामियाने के लिए खासतौर पर राजस्थान से कारीगरों को बुलाया गया था। इसमें करीब 25 से 30 हजार बरातियों के साथ 1 से डेढ़ लाख लोगों के खाने की व्यवस्था की गई थी। यहां आने वाले मेहमानों के लिए 40 तरह के पकवान बनाए गए थे।
वीआईपी हुए थे शामिल
इस शादी में आम लोगों से ज़्यादा वीआईपी शामिल हुए थे। शादी में महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस सहित, पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे, विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु, मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर शामिल हुए।
इनके साथ केंद्रीय राज्यमंत्री सुभाष भामरे, हंसराज अहीर, विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागड़े, कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर, उच्च शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन, आपूर्ति मंत्री गिरीश बापट, ग्राम विकास मंत्री पंकजा मुंडे, जल आपूर्ति मंत्री बबन राव लोणीकर, शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े, ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, कामगार मंत्री शंभाजी पाटील निलंगेकर, पर्यटन मंत्री जयकुमार रावल, समेत राज्य के लगभग सभी मंत्री भी इस शादी में पहुंचे।
बॉलीवुड हस्तियां भी हुई शामिल
इस शादी में बॉलीवुड हस्तियां भी शामिल हुई थीं जिनमें हृदयनाथ मंगेशकर, गायिका उषा मंगेशकर, अभिनेता विवेक ओबेरॉय समेत कई बड़ी हस्तियां थी। इनके अलावा औरंगाबाद के मेयर, पुलिस और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े लगभग सभी आलाधिकारी भी बराती बने।
ट्रेफिक जाम बना समस्या
इस शादी में काफी सारे वीआईपी थे जिसके कारण यहां पर पुलिस को लेकर कड़ा इंतज़ाम किया गया था। शादी स्थल के बाहर सैकडों पुलिस वालों को ड्यूटी पर तैनात किया गया था। शादी के बाद औरंगाबाद की कई सड़कों पर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें दिखाई दे रही थी, जिसकी वजह से आम लोगों को ट्रैफिक जाम होने की वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पैठण रोड, बीड बाईपास इन क्षेत्रों में ट्रैफिक की वजह से लोगों को कई घंटे तक ट्रैफिक से जूझना पड़ा।
- - Advertisement - -