1 सितंबर को लगेगा साल का आखिरी सूर्य ग्रहण, इन जगहों पर देगा दिखाई
नई दिल्ली। 2016 का आखिरी सूर्यग्रहण आज यानी 1 सितंबर को है हालांकि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। भाद्रपद अमावस्या को लगने वाला यह ग्रहण देश में दिखाई न देने से यहां सूतक मान्य नहीं होगा। पृथ्वी के जिन स्थानों से ग्रहण दिखाई देगा, वहीं इसका प्रभाव रहेगा। भारतीय समय के अनुसार, ग्रहण 12 बजकर 48 मिनट पर शुरू होगा और शाम 4 बजकर 24 मिनट पर खत्म होगा। सूर्यग्रहण भाद्रपद माह की कृष्णपक्ष की अमावस्या को पड़ रहा है।
सूर्यग्रहण मुख्य रूप से अफ्रीकी देशों यथा अलजीरिया, अंगोला, बेनिन, बोत्सवाना, बुरकीनो फ़ासो, बुरंडी, कैमरुन, कैनरी आइसलेण्ड, कोंगू गणराज्य, मध्य अफ्रीका गणराज्य, चाड, कोकोस आइसलेण्ड, इजिप्ट, इथोपिया, गबून, जाम्बिया, घाना, इण्डोनेशिया, केन्या, लिबेरिया, लीबिया, मेडागास्कर, जिम्बाम्बे, पश्चिमी सहारा,सेनेगल, यमन, टोगो, तंजानिया, निगर, नामीबिया आदि देशों में देखा जा सकेगा। इस ग्रहण के बाद अगला ग्रहण वर्ष 2017 में नज़र आएगा। यह खग्रास श्रेणी का ग्रहण होगा। इस ग्रहण का विभिन्न राशियों के जातकों पर अलग -अलग प्रभाव होगा।
भारत में सूर्य ग्रहण नहीं दिखेगा। मान्यता के अनुसार, जहां ग्रहण नहीं दिखता, वहां सूतक भी मान्य नहीं होता। कई विद्वानों का मानना है कि सूर्यग्रहण कहीं भी हो उसका आंशिक असर सभी जगह रहता है। इसलिए भले ही ग्रहण का असर न हो, लेकिन लोग दान-पुण्य और ग्रहण खत्म होने के बाद गंगा स्नान जरूर करते हैं।