AAP के 13 नेताओं पर अपराध की कालिख
इन दिनों आम आदमी पार्टी के नेता एक के बाद एक जेल जा रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी को देखकर ऐसा लग रहा है मानो जेल में कोई चुंबक लगा हो और ‘आप के नेता लोहे की तरह चुंबक की ओर खिंचे जा रहे हो।
2013 में देश की राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने चुनाव जीतकर एक नया इतिहास रचा था। लेकिन ये सरकार ज्यादा दिन नहीं चली और दिल्ली में एक साल के लिए राष्ट्रपति शासन लागू हो गया। 2015 में फिर से चुनाव हुए और आम आदमी पार्टी ने अपनी ऐतिहासिक जीत दर्ज की। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का विवादों से गहरा नाता है। केजरीवाल अपने विवादित बयानों की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। उनके विवादित बयान कभी पीएम मोदी को लेकर होते है तो कभी पुलिसवालों को ‘ठुल्ला’ कहने को लेकर। इन दिनों आम आदमी पार्टी और सीएम केजरीवाल के नेताओं को गिरफ्तार होने का सिलसिला तेजी से चल रहा है। केजरीवाल के मंत्री एक के बाद एक किसी न किसी आरोप में जेल की हवा खा रहे है। आइए आपको बताते हैं केजरीवाल के कुछ ऐसे ही नेताओं के बारें में जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया और उन्हें जेल की हवा खिलाई…
1. सोमनाथ भारती
हाल ही में गिरफ्तार हुए केजरीवाल के नेता है सोमनाथ भारती। इन पर आरोप हैं कि इन्होंने दिल्ली एम्स के सुरक्षाकर्मियों से मारपीट की थी। दिल्ली के हौजखास इलाके में आप के विधायक सोमनाथ भारती के खिलाफ मारपीट और उपद्रव फैलाने का मामला दर्ज किया गया था।
2. अमानतुल्लाह खान
21 सितंबर को ही आम आदमी पार्टी के नेता अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किया गया था। उन पर दिल्ली के जामिया नगर थाने में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
3. संदीप कुमार
दिल्ली के केबिनेट मंत्री संदीप कुमार भी इन दिनों पुलिस हिरासत में है। सीडी कांड के लिए मशहूर हुए संदीप कुमार के खिलाफ एक सीडी आई थी जिसमें वे एक महिला के साथ आपत्तिजनक परिस्थितियों में दिखे थे। इसके बाद महिला की शिकायत के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
4. शरद चौहान
आम आदमी पार्टी की ही एक महिला कार्यकर्ता के आत्महत्या के सिलसिले में पुलिस ने आप पार्टी के विधायक शरद चौहान को गिरफ्तार किया था। महिला ने पहले शरद चौहान के खिलाफ गलत तरीके से छून और छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। इसके अलावा 20 जुलाई को खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला भी दर्ज किया गया था।
5. मनोज कुमार
10 जुलाई 2015 को गिरफ्तार किए गए मनोज कुमार जमीन छीनने और धोखाधड़ी के आरोप लगे थे। मनोज कोंडली विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन पर घरेलू हिंसा का एक मामला भी दर्ज हुआ था।
6. नरेश यादव
आप के नेता नरेश यादव महरौली से चुनाव जीते थे। इन पर मलेरकटोला में धार्मिक ग्रंथ से बेअदबी और दंगे फैलाने की कोशिश का मामला दर्ज हुआ था।
7. जितेंद्र सिंह तोमर
वैसे तो आम आदमी पार्टी ने पीएम मोदी से भी उनकी डिग्री मांग ली, उन्हें फर्जी डिग्री वाला भी कह दिया लेकिन आप के नेता पूर्व कानून मंत्री तोमर को पुलिस ने पिछले साल फर्जी डिग्री के मामले में गिरफ्तार हुए थे। इस गिरफ्तारी के बाद उनकी कुर्सी भी छिन गई।
8. प्रकाश जरवाल
प्रकाश जरवाल पर भी महिला के यौन शोषण के आरोप आरोप लगे थे। जरवाल देवली से आप के विधायक हैं।
9. कमांडों सुरेंद्र सिंह
दिल्ली कंटोनमेंट से आप के विधायक सुरेंद्र सिंह को 21 अगस्घ्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन पर एनडीएमसी अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगे थे।
10. अखिलेश त्रिपाठी
पिछले साल 26 नवंबर को पुलिस ने अखिलेश को दंगे के मामले में गिरफ्तार किया था। अखिलेश मॉडल टाउन विधानसभा सीट से चुनाव जीते थे।
11. महेंद्र यादव
विकासपुरी सीट से विधायक महेंद्र पर भी दंगे और सरकार कर्मचारी से मारपीट के आरोप लगे थे। उन्हें पुलिस ने 29 जनवरी को गिरफ्तार किया था।
12. जगदीप सिंह
मारपीट के आरोप में हरी नगर सीट से विधायक जगदीप को पुलिस ने 30 मई को गिरफ्तार किया था। उन पर आरोप था कि कचरा निपटान कंपनी के एक मैनेजर से उन्होंने मारपीट की थी।
13. दिनेश मोहनिया
संगम विहार से विधायक दिनेश पर महिला से छेड़छाड़ और यौन शोषण के आरोप लगे थे। उनके खिलाफ महिलाओं के एक ग्रुप ने शिकायत की थी कि पानी की मांग करने पर विधायक ने उनसे छेड़छाड़ की।