आप पार्टी के एक और नेता पर लगा रेप का आरोप
आप पार्टी के नेता संदीप कुमार का सेक्स सीडी वाला मामला अभी थमा भी नहीं था कि पार्टी के लिए एक और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पंजाब पार्टी के ऑब्जर्वर विजय सिंह चौहान पर आरोप लगा है कि उन्होंने एक साल पहले अपनी नौकरानी का रेप किया था। साथ ही यह बात किसी को पता न चले इसीलिए उन्होंने पीड़िता को एक लाख रुपए भी दिए थे। पार्टी के नेता विजय सिंह पर इतना गंभीर आरोप सुनाम के यूथ विंग के प्रधान रविंदर ढिल्लों ने लगाया है। इस मामले के सामने आते ही पार्टी की माहौल और गरमा चुका है। इसके साथ ही पार्टी की मुश्किलें भी बढ़ चुकी है।
ढिल्लो का दावा उनके पास है पीड़िता का ऑडियो क्लिप
युवा नेता रविंद्र ढिल्लो ने पार्टी के नेता विजय पर इतना गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके पास पीड़ित महिला और उसके पति की बातचीत का ऑडियो क्लिप है। रविंद्र ने महिला के शोषण के साथ ही सिंह पर आर्थिक आरोप भी लगाया है। रविंद्र ने कहा कि संगरूर के विधानसभा क्षेत्र में विजय सिंह ने पैसे लेकर अमन अरोड़ा को टिकट दिलाया है। अब ऐसे में ये सवाल उठना लाज़मी है कि आखिर इतने दिनों बाद और खासकर इस समय रविंद्र ने आप पार्टी के नेता पर इतना गंभीर आरोप क्यों लगाया है? बता दें कि रविंद्र ने सिंह पर ये आरोप मंगलवार को चण्डीगढ़ प्रेस क्लब में लगाए। सूत्रों के अनुसार रविंद्र काफ़ी समय से पार्टी से असंतुष्ट रहे हैं।
पार्टी ने खारिज किया आरोप
पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय सिंह ने रविंद्र के सारे आरोपों को खारिज कर दिया । जब उनसे मेड यौन शोषण और ऑडियो क्लिप के आरोपो ंबारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उन्हें किसी ने भी इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की है। अगर ऐसी कोई बात सामने आएगी तो पार्टी इन आरोपों की जांच जरूर करवाएगी और आवश्यक कार्रवाई भी करेगी।
|