अमरनाथ यात्रियों के लिए है खुशखबरी, देख सकेंगे बड़ा हिमलिंग
इस बार गर्मी की छुट्टियों में अमरनाथ यात्रा का लुफ्त लेने जाने वाले लोगों के लिए एक खुशखबरी है क्योंकि इस बार लोगों को बड़ा हिमलिंग देखने को मिलेगा। जी हां, ऐसी संभावना जताई जा रही है कि इस बार हिमलिंग काफी देर तक टिका रहेगा। इस बार कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी के कारण अमरनाथ की गुफा में हिमलिंग का आकार बड़ा बनने के पूरे आसार हैं। उम्मीद है कि हिमलिंग का पूरा आकार 20 फीट तक हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो यात्रा के अंत तक बाबा अंर्तध्यान नहीं होंगे लेकिन इसके चलते यात्रा के रास्ते को जल्दी खुलने पर भी शंका जताई जा रही है।
चार साल के बाद कश्मीर में रिकॉर्ड तोड़ बर्फबारी हुई है। अगर बर्फबारी ऐसी ही रही तो यात्रा समय पर शुरू नहीं हो सकेगी। अमरनाथ यात्रा के दोनों रूटों पर रिकॉर्ड तोड़ बर्फबारी हुई है। दोनों रूट पर 8 से 10 फुट तक बर्फ जम चुकी है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि पवित्र गुफा के पास भी 10 से 15 फुट की बर्फ जमी हो सकती है। गुरेज सेक्टर में ही 6 से 7 फुट की बर्फ जमी हुई है।
पिछले साल हाथ लगी थी मायूसी
गर्मियों में अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले लोग सिर्फ इसलिए उत्साहित रहते हैं कि उन्हें बड़े हिमलिंग के दर्शन होंगे, लेकिन हर बार हिमलिंग जल्दी पिघलने के कारण उनकी ये इच्छा अधूरी रह जाती है। पिछले साल यात्रा शुरू होने के दस दिन बाद ही हिमलिंग का आकार काफी कम हो गया था और पहले पखवाड़े में ही हिमलिंग अंर्तध्यान हो गए थे। लेकिन इस बार उनकी बड़े आकार का हिमलिंग देखने की मनोकामना पूरी होगी, बशर्ते ज्यादा बर्फबारी के चलते यात्रा कुछ देर से शुरू हो। इसके लिए अभी से ही अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। यात्रा में यात्रियों के खाने-पीने, रहने, दोनों रास्तों को साफ -सुथरा रखने, यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित तमाम बंदोबस्तों के लिए अभी से प्रक्रिया शुरू कर दी है।
29 जून से शुरू हो रही यात्रा-
अमरनाथ की 40 दिन की वार्षिक यात्रा 29 जून से शुरू हो रही है, जो 7 अगस्त तक खत्म होगी। कश्मीर घाटी में इस बार पिछले कुछ सालों की तुलना में तीन गुना ज्यादा बर्फबारी हुई है। जम्मू-कश्मीर मौसम विभाग के डायरेक्टर सोनम लोटस का कहना है कि इस बार कश्मीर में जिस तरह से बर्फबारी हुई है उससे पिघल रहे ग्लेशियर्स को सहारा मिलेगा, ग्लेशियर मजबूत होंगे, हिमलिंग का आकार भी बड़ा होगा।
- - Advertisement - -
- - Advertisement - -