फेसबुक पर लड़की बनकर लगाया 14 लड़कियों को चूना
सोशल मीडिया का आजकल लोग अलग-अलग कारणों से उपयोग करने लगे है। कुछ लोग जहां सोशल मीडिया पर सिर्फ टाइमपास करने आते है तो कुछ लोग सोशल मीडिया से अपनी रोजी-रोटी कमा रहे है। लेकिन कुछ लोग सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपराध करने के लिए कर रहे है। ऐसा ही एक मामला भिवंडी में सामने आया है जहां पर एक आदमी ने सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से ठगी की।
भिवंडी के दिवेगांव का एक 24 साल का लड़का विश्वनाथ पाटिल ने फेसबुक का इस्तेमाल मालामाल होने के लिए किया। इसने फेसबुक पर जया के नाम से फेक आईडी बनाकर लड़कियों को ही ठग लिया। आपको बता दे कि 24 साल के विश्वानाथ ने जया बनकर करीब 14 लड़कियों को झांसा दिया है। ये लड़कियों इसके झांसे में आकर इसे पैसे देने के लिए भी राजी हुई।
क्या है पूरा मामला
भिवंडी के दिवेगांव निवासी विश्वनाथ पाटिल ने फेसबुक पर जया पाटिल के नाम से आईडी बनाई। जया बनकर विश्वनाथ ने कामकाज की तलाश में जुटी लड़कियों को जोड़ना शुरू किया। विश्वनाथ पहले उन्हें भरोसे में लेता था, फिर फोन नंबर्स व वॉट्सऐप के जरिए उनसे बातचीत शुरू कर देता था।
वह उन्हें नौकरी के झांसे देता था और उनसे उनकी सामर्थ्य के अनुसार रुपए भी ऐंठ लेता था। इतनी बातचीत के बाद विश्वनाथ अपनी आईडी से लड़कियों को उसके भाई से मिलने के लिए कहता, व खुद को बतौर बैंकर पेश करता। इसके बाद लड़कियों से धन व बहुमूल्य वस्तुएं ठग ली जातीं।
मामला तब खुला, जब दो लड़कियों ने भयंदर पुलिस के पास जाकर मदद की गुहार लगाई। जया नाम की आईडी की जांच कश्मीरा क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस को पता चला कि दरअसल जया कोई लड़की नहीं, बल्कि विश्वनाथ नाम का युवक है। पुलिस ने जया का अकाउंट ट्रैक कर तमाम लड़कियों से नौकरी व शादी आदि के प्रस्तावों पर हुई बातचीत के रेकॉर्ड खंगाल निकाले।
पुलिस ने नकली जया की धरपकड़ के लिए नाटक रचा और उस नाटक में फंसकर विश्वनाथ पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जांच में पता चला कि विश्वनाथ रेलवे स्टेशन पर शिकारों से मिला करता था, फिर उनसे ऐफिडेविट बनवाने को कहता था। धीरे-धीरे वह लड़कियों से कैश आदि ठगकर छूमंतर हो जाता था। पुलिस अब जया की प्रोफाइल पिक्चर वाली महिला के बारे में जांच-पड़ताल कर रही है।