ऐसे पहचाने नकली सिक्कों को
दिल्ली पुलिस ने नकली सिक्के चलाने वाले एक गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने इस गैंग से पूरे 40 हजार के नकली सिक्के बरामद किए है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में नकली सिक्के धड़ल्ले से चलाए जा रहे थे। इन सिक्कों में पांच और दस रुपए के सिक्के शामिल थे। इस मामले में नरेश नाम के एक शख्स का नाम उजागर हुआ है। जो इस काम को अंजाम देता था। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह अन्य साथियों के साथ मिलकर बवाना इलाके में बीते चार महीनों से नकली सिक्के बनाने का काम कर रहा था। वह इस काम को अंजाम देने के लिए अपने साथियों के साथ एक फैक्ट्री में काम करता था। उसने आगे बताया कि वह सिक्कों को बाजार में खपाने के लिए किराने की दुकान , थोक कारोबारी, पान की दुकान और शादी के घरों को चुनता था। बहरहाल, पुलिस ने नरेश को तो गिरफ्तार कर ही लिया है, इसके साथ ही पुलिस उसके कुछ और साथियों और उन लोगों की तलाश में भी जुट चुकी है जो नरेश से नकली सिक्के लेते थे।
बदला रहा था बार- बार बयान
दिल्ली पुलिस के उपायुक्त एमएन तिवारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी नरेश बार- बार अपने बयान बदल रहा था। यहां तक की उसने ख़ुद को पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी भी बताया था, लेकिन उसकी पोल तब खुल गई जब उससे पहचान पत्र मांगा गया।
आरबीआई ने भी लोगों को चेताया था
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में एक भ्रम फैलाया जा रहा था। ये भ्रम था कि दिल्ली में दस के सिक्के बंद हो रहे है। इस अफवाह की गंभीरता को देखते हुए आरबीआई की ओर से एक अधिसूचना जारी की गई थी। इस अधिसूचना के ज़रिए आरबीआई ने स्पष्ट किया था कि दस के सिक्के बंद नहीं किए जा रहे है।
आप भी रहे सतर्क , ऐसे पहचाने नकली सिक्कों को
ऐसे होते है असली सिक्के– जिस तरफ दस रुपए लिखा होता है, उसके ऊपर दस तीलियां बनी होती है। इसमें रुपए का चिन्ह बना होता है, छूने पर चिकना होता है। इसके अलावा सिक्के की दूसरी ओर भारत और इंडिया अलग-अलग लिखा होता है। जोर देने पर पीला भाग नहीं निकलता है। पीले भाग का रंग हल्का होता है और वज़न ज्यादा होता है।
…और ऐसे होते नकली सिक्के
सिक्का छूने पर खुरदरा होता है। असली सिक्के की तुलना में वज़न कम होता है। जोर देने पर पीला भाग निकलता है। रुपए का चिन्ह नहीं बना होता है। जिस तरफ दस रुपए लिखा होगा, उसके ऊपर 15 तीलियां बनी होती है। इसके अलावा पीले भाग का रंग का गहरा होता है। भारत और इंडिया एक साथ लिखा होता है।