सर्जिकल स्ट्राइक से पाक को हुआ सबसे ज़्यादा नुकसान
भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक से सबसे ज़्यादा नुकसान पाकिस्तान को हुआ है। इस बात का खुलासा रेडियो इंटरसेप्ट्स की असेसमेंट रिपोर्ट्स से हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान में पनाह पाने वाले आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के तकरीबन 20 आतंकी मारे गए हैं। बता दें कि पीओके में हुए सर्जिकल स्ट्राइक में भारतीय सेना ने कुल 38 आतंकियों को मौत के घाट उतारा गया था।
सूत्रों के अनुसार भारतीय सेना के पास पाकिस्तानी अधिकारियों की बातचीत पर आधारित ये रिपोर्ट है। इस रिपोर्ट के अनुसार उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा सेक्टर के विपरीत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में डूडनियाल लाउंच पैड्स पर हुए सर्जिकल स्ट्राइक में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सबसे ज्यादा आतंकी मारे गए हैं। सूत्रों ने बताया कि आतंकियों को भारतीय सेना की ओर से कार्रवाई किए जाने की उम्मीद नहीं थी और इसलिए वे हैरान रह गए। जब भारतीय सैनिकों ने इन आतंकवादियों को मारना शुरू किया तो, वे पाकिस्तानी चौकी की तरफ भागते देखे गए थे।
लश्कर-ए-तैयबा पर एक नज़र
लश्कर साउथ एशिया के बड़े आतंकी संगठनों में से एक है। इस संगठन पर बैन होने के बावजूद यह सबसे ज़्यादा आतंकी हमलों को अंजाम देता है। माना जाता है कि इसका हेडक्वार्टर लाहौर के पास मुरीदके में है। 2001 में संसद और मुंबई में हुए 26/11 हमले समेत भारत में कई टेररिस्ट एक्टिविटीज में इसका हाथ रहा है। 26/11 मुंबई हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद ही इस आतंकी संगठन का मुखिया है।