काटजू की पाक को पेशकश , कश्मीर के साथ बिहार भी ले
एक बार फिर सेवानिवृत्त जस्टिस मार्कंडेय काटजू अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में हैं। इस बार काटजू ने न तो किसी बॉलीवुड एक्टर और न ही किसी पॉलीटिकल पार्टी का मजाक उड़ाया है बल्कि इस बार तो उन्होंने तो पूरे बिहार पर ही निशाना साध दिया हैं। काटजू ने एक ओर तो बिहार का मजाक उड़ाया लेकिन वहीं दूसरी और उन्होंने पड़ोसी देश पाक के सामने एक अजीब पेशकश भी की। काटजू ने मंगलवार यानी कि आज फेसबुक पर एक पोष्ट शेयर की हैं। इस पोस्ट के ज़रिए काटजू ने कहा, मेरे अंग्रेजी के शिक्षक फिराक गोरखपुरी ने कहा था भारत को पाकिस्तान से नहीं बिहार से ज्यादा खतरा है। अपने दूसरे पोस्ट में उन्होंने पाकिस्तान को अजीबोगरीब ऑफर दिया। कहा “पाकिस्तान के लिए एक पैकेज है। अगर वे कश्मीर लेना चाहते हैं तो उन्हें बिहार भी लेना पड़ेगा। हम आपको अकेले कश्मीर नहीं दे सकते। आगे उन्होंने ये भी लिखा कि आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने इस ऑफर को ठुकरा दिया है। पाक बिहार को अपनाने से डर गया है।
अपनी फेसबुक पोस्ट पर ये लिखा काटजू ने
”पाकिस्तान और हमारे बीच विवाद को आइए, खत्म करते हैं।आप कश्मीर ले सकते हैं, लेकिन इसके साथ एक कंडीशन है। आपको बिहार भी लेना होगा। ये एक पैकेज डील है। या तो आप पूरा पैकेज लें, नहीं तो कुछ नहीं मिलेगा। या तो आप दोनों कश्मीर और बिहार लें या फिर कुछ नहीं। क्या आपको ये डील मंजूर है?” काटजू ने आगे लिखा, “अटल बिहारी वाजपेयी ने आगरा समिट के दौरान परवेज मुशर्रफ को ये ऑफर दिया था, लेकिन मुशर्रफ ने अपनी मूर्खता से रिजेक्ट कर दिया। अब एक बार फिर ये ऑफर आया है। मत चूको चौहान। काटजू ने ये भी कहा, “इलाहाबाद में मेरे अंग्रेजी के टीचर रहे फिराक गोरखपुरी ने कहा था कि हिंदुस्तान को खतरा पाकिस्तान से नहीं, बिहार से है।” हालांकि, बाद में सफाई देते हुए काटजू ने कहा कि ये सिर्फ़ मजाक था। इस तरह की कई बातें हम लोग कहते रहते हैं। इसके लिए इतना गंभीर होने की जरूरत नहीं है।
काटजू के इस पोस्ट से बिहार की राजनीति गरमा गई। वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर काटजू की जबरदस्त आलोचना भी शुरू हो गई। वैसे ये पहला मौका नहीं है जब काटजू ने ऐसा बयान दिया हो। इससे पहले भी काटजू कई बार विवादित बयान देकर सुर्खियों में रह चुके हैं। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रहते हुए भी उन्होंने बिहार में मीडिया की आजादी पर सवाल उठाया था। उस वक्त भी काफी हंगामा हुआ था। इसके अलावा हाल ही में काटजू ने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन पर भी निशाना साधा था।
बीजेपी ने की मांग मांफी मांगे काटजू
काटजू के इस बयान से राजनीति में भी उबाल आ गया। बिहार भाजपा के नेता विनोद नारायण झा ने कहा कि काटजू ने जो बिहार और बिहारियों पर व्यंग्य किया है इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। गौरतलब है कि उरी अटैक के बाद भारत पहले से ही पाकिस्तान का विरोध कर रहा है। ऐसे में काटजू का फेसबुक पर पाक को इस प्रकार के ऑफर देने की बात करना सवाल खड़े करता है।