चला मोदी का डंडा, 72 निकम्मे अधिकारी बर्खास्त, 33 जबरन रिटायर
सरकार ने काम में कोताही बरतने वाले कर अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करना शुरू कर दी है। पिछले दो वर्षों के दौरान ही राजस्व सेवा के 33 अधिकारियों को जबरन रिटायर कर दिया गया है, जबकि 72 अधिकारियों को बर्खास्त किया गया है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार पिछले दो वर्षों के दौरान जिन 33 अधिकारियों को जबरन रिटायर किया गया है, उनमें 7 क्लास वन अधिकारी भी शामिल हैं। यही नहीं विभागीय कार्रवाई की वजह से बर्खास्त हुए 72 अधिकारियों में भी 6 क्लास वन अधिकारी हैं। कर विभाग के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।
मंत्रालय के मुताबिक लोगों के मन में ऐसी धारणा बन गई है कि कर अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई ही नहीं होती, लेकिन अब इस मिथक को तोड़ा जा रहा है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें-
पीएम मोदी को नियमित रूप से कई विभागों से अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें सुनने को मिल रही थीं। जनवरी माह में पीएम ने प्रगति बातचीत नामक एक बैठक में सभी विभागों के सचिवो को ऐसे अधिकारियों के खिलाफकड़ी कार्रवाई करने को कहा था, जो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे । साथ ही उन्हें अधिकारियों की एक सूची भी बनाने को कहा गया था।