हिमाचल के बाद लुधियाना पहुंचे मोदी, चलाया चरखा
लुधियाना। पीएम नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश के दौरे के बाद पंजाब के लुधियाना शहर में पहुंचे। यहां पर एक कार्यक्रम के दौरान मोदी ने तकरीबन 500 महिलाओं को सोलर चरखा दिया। इतना ही नहीं मोदी ने यहां पर महिलाओं के साथ चरखा भी चलाया। बता दें कि मोदी ने यहां पर एमएसएमई के एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में उन्होंने देशभर से आएं तकरीबन 232 उद्यमियों को राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित किया। इस मौके पर मोदी के साथ पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर, केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र और उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल भी थे।
ग्लोबल मार्केट कर रहा है मेक इन इंडिया का इंतजार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ग्लोबल मार्केट मेक इन इंडिया का इंतजार कर रहा है। अब हमें अपने मेक इन इंडिया के सपने को साकार करना है। दुनिया भारत की ताकत को समझे इसके लिए हमें भारत के लघु उद्योगों का विदेशों में प्रसार होना चाहिए। मोदी ने आगे कहा, मेड इन जापान, मेड इन चाइन सभी भागकर खरीदते हैं। अब हमें मेड इन इंडिया बनाना है, जिसे लोग आंखें बंद करके खरीदें।
दलितों के प्रति हमें अपनी सोच बदलनी होगी
मोदी ने कहा , पंजाब गुरू गोबिंद सिंह जी की 350वीं जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा था कि मनुष्य की एक ही जात है, न नीच न ऊंच। उन्होंने जात पात छूत अछूत के खि़लाफ़ आवाज उठाई थी, लेकिन हम जानते हैं कि समाज में दलित भाइयों के साथ ऐसी घटनाएं होती हैं कि सिर शर्म से झुक जाता। 70 साल हो गए हैं, अब हमें अपनी सोच बदलनी पड़ेगी। व्यवहार बदलना पड़ेगा। सामाजिक रुढ़ियों से ऊपर उठकर भाग्य बदलना होगा। मोदी ने आगे कहा कि, इसके लिए सरकार कदम उठा चुकी है। राज्य सरकारों से अनुरोध किया है कि दलित और आदिवासी निर्माण करेंगे। समाज के उन वर्गों को आर्थिक गतिविधि का केंद्र बनाना है ताकि देश आर्थिक उन्नति करे।