डॉक्टर ने कार्ड से किया 40 रूपए का पेमेंट, बैलेंस चेक किया तो उड़ गए होश
ज़िन्दगी का सफर कभी आसान नहीं होता। इसमें कभी परेशानी तो कभी खुशियां आती ही रहती हैं। ज़िन्दगी में कुछ पल ऐसे होते हैं जो हंसते-हंसते निकल जाते हैं और कुछ पल ऐसे होते हैं जो ज़िन्दगी के लिए घाव बन जाते हैं। सफर चाहे ज़िन्दगी का हो या रास्तों का कभी-कभी कुछ ऐसे सदमे दे जाता है जिन्हें भूलाना आसान नहीं होता। कुछ ऐसा ही सदमा एक व्यक्ति को भी मिला जब उसने टोल नाके पर अपना टोल टैक्स दिया।
कर्नाटक में कोच्ची-मुंबई हाईवे पर से एक डॉक्टर गुजर रहे थे तभी हाइवे पर एक टोल नाका पड़ा। टोल नाके से आगे जाने के लिए टोल टैक्स देना पड़ता है तो डॉक्टर साहब ने 40 रूपए के टोल टैक्स के लिए अपना स्वाइप कार्ड टोल नाके के कर्मचारी को दे दिया। टोल कर्मचारी ने कार्ड स्वाइप किया पैसा काटा और कार्ड वापस कर दिया।
आगे चलकर जब डॉक्टर साहब ने अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो पता चला उनके कार्ड से 40 रूपए नहीं बल्कि 4 लाख रूपए काट लिए गए। घटना शनिवार रात 10.30 बजे उडुपी के पास स्थित गुंडमी टोल गेट की है। यह टोल गेट उडुपी से 18 किमी दूर स्थित है। अंग्रेजी अखबार द टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, मैसूर के रहने वाले डॉक्टर राव अपनी कार से मुंबई जा रहे थे। रात करीब 10.30 बजे उन्होंने टोल कर्मचारी को 40 रुपए का टोल काटने के लिए अपना डेबिट कार्ड दिया था।
टोल कर्मी ने कार्ड स्वाइप करने के बाद डॉक्टर को पैसे कटने की रसीद भी दी। लेकिन डॉक्टर को जैसे ही 4 लाख रुपए कटने का मैसेज मिला तो वह हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत टोल स्टाफ को इस गलती के बारे में बताया, लेकिन दो घंटे तक डॉक्टर की कोशिश के बावजूद भी टोल कर्मी इससे इंकार करता रहा। इसके बाद डॉक्टर राव 5 किमी दूर कोटा पहुंचे और रात को 1 बजे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद वह एक हेड कॉन्स्टेबल के साथ वापस टोल पर पहुंचे।
अंत में टोल बूथ कर्मी ने अपनी गलती स्वीकार की और चेक के जरिए पूरा अमाउंट वापस करने की बात कही। हालांकि डॉक्टर ने जोर दिया कि उन्हें पूरा पैसा कैश में चाहिए। इसके बाद टोल स्टाफ ने कलेक्शन कंपनी के सीनियर अधिकारी से बात की और शाम 4 बजे तक 3 लाख 99 हजार 960 रुपए का बंदोबस्त कराया। पुलिस ने बताया कि इस टोल पर हर दिन करीब 8 लाख रुपए का कलेक्शन हो जाता है।
- - Advertisement - -