आम आदमी की आय वृद्धि में दिल्ली देश में टॉपर राज्य
आर्थिक वृद्धि दर के मामले में दिल्ली न सिर्फ नेशनल लेवल से ऊपर है, बल्कि देश के कई बड़े राज्यों को भी पीछे छोड़ चुकी है। दिल्ली सरकार ने सोमवार को नए बेस ईयर 2011-12 के आधार पर वित्त वर्ष 2016-17 के लिए राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) के अनुमान पेश किए। आर्थिक अनुमान जारी करते हुए दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बताया कि 2016-17 में दिल्ली की GSDP मौजूदा मूल्य के हिसाब से 12.76 की दर से 6,22,385 करोड़ रहने का अनुमान है, जो इसके पिछले साल 5,51,963 करोड़ था।
सालाना कमाई 3,03,073 प्रति व्यक्ति रहने का अनुमान
इस अनुमान में दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय न सिर्फ सभी राज्यों से ज्यादा है, बल्कि राष्ट्रीय औसत आय से तीन गुना अधिक है। प्रति व्यक्ति कमाई के मामले में भी दिल्ली की स्थिति बेहतर हो रही है। वर्ष 2016-17 में दिल्ली वालों की प्रति व्यक्ति औसत सालाना कमाई 3,03,073 रुपये रहने का अनुमान है, जो 2015-16 में 2,73,618 रुपये थी। दिल्ली में प्रति व्यक्ति आय 10.76%की दर से बढ़ रही है। इस मामले में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की रैंकिंग में दिल्ली टॉप पर है। दूसरे नंबर पर गोवा और तीसरे पर चंडीगढ़ हैं। दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से करीब तीन गुना ज्यादा है।
विभिन्न सेक्टर्स की दिल्ली की अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी
दिल्ली की अर्थव्यवस्था में सर्विस सेक्टर की हिस्सेदारी 82.26% है, जबकि सेकंडरी सेक्टर 14.84 और प्राइमरी सेक्टर की हिस्सेदारी 2.90% रहने का अनुमान है। सर्विस सेक्टर में भी सबसे ज्यादा 29.81% हिस्सा रियल एस्टेट और प्रोफेशनल सर्विसेज का है। 14.83% वित्तीय सेवाओं, 11.69% होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर का है। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का योगदान 8.41% है।
- - Advertisement - -