अंतरिक्ष में भारत की सबसे बड़ी उड़ान, PSLV C 35 लांच
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो ने कामयाबी की एक और छलांग लगाई है। महासागर और मौसम के अध्ययन के लिए तैयार किए गए प्रक्षेपण यान पीएसएलवी-सी35 ने एक साथ आठ अलग-अलग उपग्रहों को लेकर उड़ान भरी। सुबह 9 बजकर 12 मिनट पर श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से देश के मौसम उपग्रह स्कैटसैट-1 और पांच अन्य देशों के उपग्रह सहित कुल आठ उपग्रहों को सफलतापूर्वक छोड़ा गया।
यह पीएसएलवी का पहला मिशन है, जिसके तहत उपग्रहों को दो अलग-अलग कक्षाओं में स्थापित किया जाना है। पीएसएलवी-सी35 अपने साथ 371 किलोग्राम वजन वाले स्कैटसैट-1 और सात अन्य उपग्रहों को ले गया है इनमें अमेरिका और कनाडा के सैटेलाइट भी शामिल हैं।
गर्व-खुशी का लम्हा-मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो की इस सफलता पर वैज्ञानिकों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “भारत के लिए यह बहुत ही खुशी और गर्व का मौका है। पीएसएलवी सी-35 के साथ छोड़े गए अलग-अलग उपग्रहों की सफल लॉन्चिंग पर बहुत-बहुत बधाई। पीएम ने आगे लिखा, “हमारे अंतरिक्ष वैज्ञानिक लगातार कामयाबी की इबारत लिख रहे हैं। नई-नई खोजों के प्रति उनकी लगन ने 125 करोड़ भारतीयों की जिंदगी को छुआ है और दुनिया में भारत का नाम गर्व से ऊंचा किया है।“