अब शराबियों पर लगेगा गौ सेवा टैक्स
चंडीगढ़। पंजाब राज्य में शराब पीने वाले जल्द ही गौ सेवा करते हुए नजर आएंगे। दरअसल पंजाब सरकार इस वित्त वर्ष से अंग्रेजी शराब की हर बोतल पर 10 रुपये गौ सेवा सेस लगाने की तैयारी कर रही है। देसी शराब और बियर की बोतलों पर सेस की दर 5 रुपये प्रति बोतल होगी।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार, इस वर्ष के लिए घोषित की गई एक्साइज पॉलिसी में इस तरह के किसी भी टैक्स का जिक्र नहीं है, लेकिन नगर निकाय मंत्री अनिल जोशी ने सीएम प्रकाश सिंह बादल के सामने एक्साइज पॉलिसी में फेरबदल करने की मांग की है। उनकी तैयारी है कि इस सेस को जून माह से ही वसूला जाए। इस संबंध में जोशी ने बुधवार को कमिश्नर और अधिकारियों की बैठक में फैसला लिया है।
उन्होनें कहा कि ’मैं मुख्यमंत्री से एक्साइज पॉलिसी में बदलाव करने की मांग करुंगा, जिससे इसी वित्त वर्ष से गौ सेवा सेस लगाया जा सके।’ पिछले साल गाय कर की व्यवस्था करने वाली पंजाब सरकार को 33 नगर निकायों और 7 नगर निगमों से गौ सेवा सेस से संबंधित प्रस्ताव पास कराना होगा।
जोशी ने बताया कि ’ गौ सेवा सेस से संबंधित नोटिफिकेशन 25 मई तक जारी करने की तैयारी है। पंजाब सरकार की तैयारी है कि इसे आगामी 30 जून से सभी 22 जिलों में वसूला जाए।’
इसके अलावा बठिंडा और मोहाली नगर निगम पहले ही गाय कर वसूल रहे हैं। गाय कर से संबंधित प्रस्ताव पटियाला, पठानकोट, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, मोगा और फगवाड़ा नगर निगम भी पास कर चुके हैं, उन्हें सरकार के नोटिफिकेशन का इंतजार है। सरकार की योजना है कि वह गाय कर के जरिए सालाना 60 करोड़ रुपये वसूले। पंजाब में इस समय 472 गौशलाएं हैं, जिनमें करीब 2.69 लाख गायों की देख रेख की जाती है। इनके अलावा तकरीबन एक लाख से अधिक गाय सड़क पर खुले में घूमती हैं।
|