इस बात से तो हम सभी वाकिफ हैं कि भारत में हर साल आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो रही है। खासतौर से उत्तरप्रदेश के स्मारक और टूरिस्ट प्लेस विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद हैं। लेकिन कई साल से एक बात की परेशानी का सामना पर्यटकों को करना पड़ रहा था वो है उन्हें अपनी भाषा में जानकारी न मिल पाना। क्योंकि भारत में अरब, फ्रांस, जर्मनी, इटली, रूस और चीन से सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं, लेकिन उत्तरप्रदेश टूरिज्म की साइट और कॉन्टेक्ट नंबर पर केवल हिंदी और अंगे्जी में ही जानकारी मिल पाती थी, लेकिन अब भारत में विदेशी टूरिस्टों की संख्या में बढ़ोतरी करने और उनमें सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिहाज से उत्तर प्रदेश में भारत सरकार की पहल पर अब 12 भाषाओं में विदेशी पर्यटकों को जानकारी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
अब विदेशी पर्यटक 12 भाषाओं जैसे अरबी, फ्रेंच, जर्मन, जापानी, कोरियन, चीनी, पुर्तगाली, रूसी, स्पैनिश और इटेलियन भाषा में संपर्क कर पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि देश में यात्रा करने के दौरान विदेशी पर्यटकों को सूचना एंव सहायता उपलब्ध कराने के मकसद से भारत सरकार द्वारा 24 घंटे सातों दिन टोल फ्री बहुभाषीय टूरिस्ट हेल्पलाइन शुरू की गई है। हिंदी और अंग्रेज समेत 12 भाषाओं में उपलब्ध यह सेवा टॉल फ्री नंबर 1800111363 और शॉर्ट कोड 1363 पर पूरे साल उपलब्ध रहेगी।
इस मल्टीलैंग्वेज हेल्पाइन का मकसद विदेशी पर्यटकों को सभी भाषाओं में जाकारी उपलब्ध कराना है। इस हेल्पलाइन पर कॉल करने वालों को संकट की स्थिति में जरूरी सलाह भी दी जाएगी। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की यह अनूठी पहल विदेशी पर्यटकों में भरोसे और सुरक्षा की भावना जगाने में बहुत उपयोगी साबित होगी।