कहते हैं गुलाब का फूल प्यार का प्रतीक होता है और मनीप्लांट का पौधा धन का प्रतीक होता है। हर कोई सोचता है कि इसे घर में लगा लिया तो बस पैसे की बारिश सी हो जाएगी। कई लोगों के साथ ऐसा हुआ भी होगा तभी तो इस तरह की मान्यताएं बनी है लेकिन कई लोग इसे लगाने के बावजूद पैसों की बारिश से वंचित रह गए।
वैसे तो पैसे कमाने का संबंध हमारी मेहनत से होता है। इसके साथ-साथ हमारी किस्मत भी होना चाहिए लेकिन क्या एक पेड़ या कोई पौधा हमारी कमाई बढ़ा सकता है। जिस पौधे को हम मनी प्लांट के नाम से जानते हैं क्या वो हमारे घर में पैसों की बारिश कर सकता है। इसे लेकर सबसे पहली बात तो ये सामने आती है कि इस तरह की अवधारणा लाया कौन। आखिर किसने बताया कि मनी प्लांट पैसों की बारिश कर देता है। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में प्रसिद्ध एक लोककथा।
मनीप्लांट को पैसों का पौधा बनाने वाली जो कहानी है वो शुरू होती है ताइवान से। यहां पर एक गरीब किसान रहता था। वो काफी मेहनत करता था लेकिन उसकी तरक्की नहीं होती थी इसलिए वो उदास रहता था। एक दिन खेत में उसे एक पौधा मिला जो दिखने में थोड़ा अलग लेकिन आकर्षित था। वो उसे उठाकर घर ले आया और उसे घर के बाहर मिट्टी में रोप दिया।
उसने देखा कि पौधा बहुत लचीला है और बिना देखभाल के भी अपने आप बढ़ता जा रहा है। पौधा जिस तरह बिना किसी सहायता के बढ़ रहा था किसान को भी इससे प्रेरणा मिल रही थी। उस पौधे की प्रगति को देखकर किसान भी सकारात्मक हुआ और उसने निर्णय लिया कि अब मैं भी इस पौधे की तरह लचीला और प्रगतिशील बनूंगा। बिना किसी की परवाह किए आगे बढ़ता रहूंगा। इसके बाद किसान उस जगह का एक सफल व्यापारी बन गया।
कई लोग उसे शुरू से ही नोटिस कर रहे थे। जिन्होंने देखा कि जब से किसान वो पौधा लाया था तभी से उसके अच्छे दिन आए थे यहां तक कि उस किसान का भी यही मानना था कि उसके अच्छे दिन का कारण वह पौधा हैं। लोगों ने उस पौधे को समृद्धि और धन से जोड़ा और उसका नाम मनीप्लांट रख दिया।
मनीप्लांट के बारे में फेंगशुई के अनुसार ये भी माना जाता है कि ये पौधे अपने आसपास के हवा को शुद्ध करते हैं और रेडिएशन कम करते हैं। इसके साथ ही ये शुद्ध ऑक्सीजन छोड़ने में भी सक्षम है।
मनी प्लांट के साथ पैसे और समृद्धि की धारणा तो जुड़ी हुई है लेकिन इसका असर आप पर विपरीत भी हो सकता है। वास्तुशास्त्र के अनुसार यदि आप मनीप्लांट के साथ ये गलतियां करते हैं तो मनीप्लांट के पॉजिटिव नहीं बल्कि निगेटिव असर देखने को मिल सकते हैं। वास्तुशास्त्र के अनुसार आप मनीप्लांट को लगाते समय इन बातों का ध्यान रखे।
-मनीप्लांट को हमेशा दक्षिण पूर्व दिशा में लगाए।
-मनीप्लांट को घर के बाहर नहीं लगाना चाहिए।
-मनीप्लांट में कभी भी मुरझाई पत्तियां ना रहने दे।
-मनीप्लांट की बेलों को जमीन पर न फैलने दे।